बलरामपुर शहर की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्या जल्द खत्म होने की उम्मीद है। झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का भूमि पूजन कार्यक्रम आज सम्पन्न हुआ. यह ओवरब्रिज बलरामपुर-श्रावस्ती-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर गोंडा-बलरामपुर रेल सेक्शन के अंतर्गत समपार संख्या-136 स्पेशल/3-ई पर बनेगा.
आज 07 अगस्त को भूमि पूजन सम्पन्न होने के बाद अब सेतु निगम जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करेगा। पहले चरण में तुलसीपुर मार्ग की ओर पिलर बनाए जाएंगे। सरकार ने इस परियोजना को दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर हर दिन रेलवे फाटक बंद होने से वीर विनय चौराहे से पीपल तिराहा तक लंबा जाम लग जाता है। ओवरब्रिज बनने के बाद शहरवासियों को इस समस्या से स्थायी राहत मिलेगी और बलरामपुर में यातायात पहले की तुलना में अधिक तेज और सुगम हो जाएगा।
ओवरब्रिज निर्माण को लेकर प्रशासन ने प्रभावित भवनों और दुकानों का सर्वे तेज कर दिया है। नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मकान और दुकान मालिकों के दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। अब तक 114 प्रभावित लोगों की सूची तैयार की गई है।
यह भी पढ़ें : झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का विरोध, व्यापारियों ने आंदोलन की दी चेतावनी
भवन स्वामियों से भूमि अभिलेख, नक्शा, गृहकर और जलकर की रसीद, बिजली बिल, जबकि दुकानदारों से पंजीकरण प्रमाणपत्र और टिन नंबर मांगे जा रहे हैं। सभी को एक सप्ताह के भीतर निर्धारित प्रपत्र भरकर लेखपाल के पास जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, जांच में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जहां लोगों का कब्जा तो है, लेकिन भूमि स्वामित्व के वैध दस्तावेज नहीं हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल वैध अभिलेख रखने वाले वास्तविक स्वामियों को ही नियमानुसार मुआवजा मिलेगा। नगर पालिका की भूमि पर अस्थायी रूप से रखी गई ढाबलियां और अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे।
