बलरामपुर में रसोई गैस की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा शनिवार को सड़कों पर फूट पड़ा। समय पर सिलेंडर न मिलने और होम डिलीवरी व्यवस्था ठप होने से नाराज उपभोक्ताओं ने बालाजी गैस एजेंसी के खिलाफ नेशनल हाईवे-730 पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि एजेंसी प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी करते हुए घर-घर सिलेंडर पहुंचाने के बजाय गोदामों और सड़क किनारे वितरण कर रही है। भीषण गर्मी और उमस में घंटों लाइन में लगने के बाद भी उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि अप्रैल में बुकिंग कराने के बावजूद अब तक सिलेंडर नहीं मिला, जबकि दूसरी बुकिंग का समय आ चुका है। कुछ लोगों के खातों में सब्सिडी भी पहुंच गई, लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिला।
लोगों का आरोप है कि एजेंसी पर सिर्फ पर्ची लेने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ती है और सिलेंडर मिलने की कोई तय व्यवस्था नहीं है। वहीं गोदाम से चुनिंदा लोगों को पहले गैस देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। इससे पहले भी गैस वितरण में अव्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन हो चुका है, जिसके बाद प्रशासन ने होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
