बलरामपुर में गैस संकट को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। कालीथान स्थित बालाजी गैस एजेंसी पर रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया और NH-730 पर जाम लगा दिया। आरोप है कि कई-कई सप्ताह पहले बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं।
रविवार सुबह एसडीएम सदर हेमंत गुप्ता और जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंद्र शिकायतों की जांच करने एजेंसी पहुंचे थे। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों से जवाब तलब करते हुए गैस वितरण व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इसी दौरान मौके पर मौजूद उपभोक्ता भड़क उठे और एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि एजेंसी समय पर होम डिलीवरी नहीं कर रही और सिलेंडर उपलब्धता को लेकर सही जानकारी भी नहीं दी जा रही। उपभोक्ताओं को रोज एजेंसी और गोदाम के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कई लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा लोगों को पहले सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जबकि आम उपभोक्ता परेशान हैं।
नगर निवासी दिनेश ने बताया कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में बुकिंग कराने के बावजूद अभी तक गैस नहीं मिली। वहीं जुवाथान निवासी उपभोक्ता ने कहा कि पहली बुकिंग लंबित है, लेकिन दूसरी बुकिंग की तारीख भी आ चुकी है। उपभोक्ता विक्की ने आरोप लगाया कि सिर्फ पर्ची लेने में घंटों लाइन लगानी पड़ती है और उसके बाद भी सिलेंडर मिलने की कोई निश्चितता नहीं रहती।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर सड़क खाली कराई और भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था जल्द सामान्य करने का आश्वासन दिया गया।
