बलरामपुर जिलें में आई तेज आंधी और भारी बारिश ने बिजली व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया। खासकर गैंसड़ी और पचपेड़वा क्षेत्र में लगभग 700 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक बिजली गुल होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग ने हालात को देखते हुए तत्काल मरम्मत अभियान शुरू कर दिया है। विभागीय टीमें दिन-रात क्षतिग्रस्त पोल बदलने और टूटे तारों को दुरुस्त करने में लगी हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक कई गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि बाकी क्षेत्रों में तेजी से काम चल रहा है।
मरम्मत कार्य को गति देने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साथ ही पोल लगाने वाली कंपनी की ओर से भी दो अतिरिक्त ठेकेदार लगाए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द व्यवस्था सामान्य की जा सके।
स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य अभियंता देवीपाटन मंडल यदुनाथ यथार्थ स्वयं गैंसड़ी पहुंचे। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।
बिजली विभाग का दावा है कि जल्द ही सभी क्षतिग्रस्त पोल बदलकर पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। लगातार निगरानी और संसाधनों की बढ़ोतरी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
