बलरामपुर में उर्वरक विक्रेताओं से कथित अवैध वसूली के मामले में कृषि विभाग के एक कर्मचारी पर बड़ी कार्रवाई हुई है। कोतवाली देहात पुलिस ने जिला कृषि कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक राघवेंद्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 99,800 रुपये नकद और एक स्टॉक रजिस्टर भी बरामद किया है।
मामले का खुलासा जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने आरोप लगाया था कि उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक एवं वितरण रजिस्टरों के सत्यापन के नाम पर कर्मचारियों द्वारा अवैध रूप से धन वसूला जा रहा है।
जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों और रजिस्टरों का विवरण मांगा गया, लेकिन आरोपी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। साथ ही कार्यालय में भी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी उर्वरक शाखा का कार्य देख रहा था और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से रजिस्टर सत्यापन व अन्य कार्यों को जल्द निपटाने के बदले दो से पांच हजार रुपये तक की रकम वसूलता था।
पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि उसने अपनी तैनाती के दौरान करीब 65 उर्वरक विक्रेताओं को स्टॉक बिक्री रजिस्टर जारी किए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अवैध वसूली से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
