बलरामपुर में राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2.17 मीटर नीचे, प्रशासन पूरी तरह सतर्क

बलरामपुर जिलें में राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। सिसई घाट पर सोमवार को राप्ती नदी का जलस्तर 102.450 मीटर दर्ज किया गया, जो 104.620 मीटर के खतरे के निशान से 2.17 मीटर नीचे है। वहीं चेतावनी स्तर 103.620 मीटर निर्धारित है। फिलहाल नदी का जलस्तर नियंत्रण में है और स्थिति सामान्य बनी हुई है





जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देश पर बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नदी के जलस्तर और तटबंधों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।


प्रशासन ने जिले की सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। राजस्व, सिंचाई, पुलिस, स्वास्थ्य, पशुपालन, आपदा प्रबंधन सहित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। राहत एवं बचाव से जुड़े सभी संसाधनों को भी तैयार रखा गया है।


यह भी पढ़ें : बलरामपुर के 24 गांवों का संपर्क टूटा, बाढ़ के बाद बढ़ा बीमारी का खतरा


जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या कंट्रोल रूम से संपर्क करने की सलाह दी गई है।


प्रशासन का कहना है कि फिलहाल घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन मानसून को देखते हुए एहतियात के तौर पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.