उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने बलरामपुर जिले के गैंसड़ी थाना क्षेत्र के जमधरा गांव निवासी शहरोज अहमद को देश विरोधी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है।
एटीएस के अनुसार, वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में था और सोशल मीडिया के माध्यम से भारत में स्लीपर सेल तैयार करने तथा युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाने की कोशिश कर रहा था।
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के अनुसार, खुफिया सूचना मिलने के बाद एटीएस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि वह कथित रूप से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क और आईएसआई एजेंट जसवीर चौधरी के संपर्क में आया था। शुरुआत फेसबुक से हुई, जिसके बाद व्हाट्सएप, मैसेंजर और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए बातचीत जारी रही।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अक्टूबर 2025 में सोशल मीडिया पर शूटरों की तलाश संबंधी एक पोस्ट के जरिए उसका संपर्क जसवीर चौधरी से हुआ। आरोप है कि उसे आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाया गया और अन्य युवाओं को भी नेटवर्क से जोड़ने के लिए कहा गया। एटीएस का दावा है कि उसे राजस्थान के श्रीगंगानगर जाकर हथियार और विस्फोटक सामग्री लेने तथा आगे के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करने के लिए कहा गया था।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में सरकारी नौकरी का झांसा देकर भाई-बहन से 8.81 लाख की ठगी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी मुंबई में रहता था और दो दिन पहले ही गांव लौटा था। उसके खाते में कथित तौर पर 5 हजार रुपये भी भेजे गए थे। एटीएस ने उसके कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें एन्क्रिप्टेड ऐप्स के इस्तेमाल से जुड़े साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया गया है। अब एटीएस रिमांड पर लेकर उससे आगे की पूछताछ करेगी।
