बलरामपुर जिलें के तुलसीपुर में स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन धाम में ब्रह्मलीन महंत महेंद्रनाथ की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर छह दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 25 नवंबर से होगा। 30 नवंबर तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां मंदिर परिसर के गोरखनाथ मंडपम में पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव की शुरुआत 101 महिलाओं की कलश यात्रा से होगी।
आयोजन के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, संत सम्मेलन, श्रद्धांजलि सभा और विशाल भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। पहले दिन शाम चार बजे श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया जाएगा। गोरखपुर से आए कथा व्यास स्वामी बालक दास जी महाराज कथा सुनाएंगे। कथा प्रतिदिन शाम छह बजे से रात नौ बजे तक चलेगी।
महोत्सव के अंतिम दिन 30 नवंबर को दोपहर तीन बजे संत सम्मेलन और श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों के साथ नेपाल से भी साधु-संत शामिल होंगे और ब्रह्मलीन महंत महेंद्रनाथ के जीवन, तपस्या व धार्मिक योगदान को याद करेंगे। इसके बाद शाम छह बजे विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी के अनुसार, महोत्सव नाथ संप्रदाय के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है, हालांकि अभी उनका आधिकारिक कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
