जनगणना-2027 के लिए 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, डीएम ने जनपदवासियों से की अधिक भागीदारी की अपील

बलरामपुर जिलें में भारत की जनगणना-2027 को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास, सरकारी योजनाओं और भविष्य की नीतियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही जानकारी दर्ज होना बेहद जरूरी है।






इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से आयोजित की जा रही है। इसकी एक खास सुविधा स्वगणना (Self Enumeration) है, जिसके तहत नागरिक घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां स्वयं दर्ज कर सकेंगे।


16 नवंबर से 30 नवंबर तक कर सकेंगे स्वगणना


जनपद में स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए आमजनमानस आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।


स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना होगा, क्योंकि घर पर जनगणना कर्मचारी के पहुंचने पर उन्हें यह यूनिक आईडी उपलब्ध करानी होगी। इसके माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा।


1 दिसंबर से 4 जनवरी तक चलेगा जनगणना कार्य


निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जनगणना की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगी। इस दौरान जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे और स्वगणना करने वाले परिवारों की जानकारी का भी सत्यापन करेंगे।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर में 16 नवंबर से शुरू होगी दूसरे चरण की स्व-गणना, घर बैठे मोबाइल से भरें; जानिए पूरी प्रक्रिया



जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि स्वगणना की सुविधा से आमजनमानस अपनी सुविधानुसार परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के साथ आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।


उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 16 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें, अपने परिवार से संबंधित सही जानकारी दर्ज करें और घर पहुंचने वाले प्रगणकों को पूरा सहयोग प्रदान करें।






डीएम ने कहा कि जनगणना में सभी लोग की भागीदारी देश के बेहतर भविष्य और विकास की आधारशिला है। हर घर की सही जानकारी से ही देश की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.