Balrampur News: बलरामपुर जिले में बनेगा देवीपाटन तीर्थ विकास परिषद का मुख्यालय, 1 करोड़ की लागत से बनेंगी आधुनिक पार्किंग

पिछले वर्ष अयोध्या में सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा गठन किए गए देवीपाटन तीर्थ क्षेत्र परिषद के गठन होने के बाद 51 शक्तिपीठों में से एक देवीपाटन धाम को भी विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी के साथ ही देवीपाटन समेत नगर के विभिन्न स्थानों पर 50 करोड़ से कार्य कराया जाएगा। इसकी रूपरेखा बनकर तैयार हो गई है। और शासन स्तर से स्वीकृति भी मिल गई है। इसी क्रम में करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से जोड़ग्गा पोखरे को संवारा जाएगा।






देवीपाटन मंदिर से सटे ग्राम ओड़ाझार कला में एक करोड रुपये की लागत से पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। पांच करोड़ रुपये से सूर्यकुंड में लाइटिंग साउंड और अन्य विविध उपकरण लगाकर इसे सजाया जाएगा। वहीं, देवीपाटन धाम तीर्थ विकास परिषद कार्यालय का निर्माण भी देवीपाटन में कराया जाएगा। इसकी लागत करीब 10 करोड़ रुपये आएगी। 


करीब पांच करोड रुपए की लागत से कलश चौराहे से देवीपाटन मंदिर जाने वाले सभी मार्गों पर डेकोरेटिव पोल आनंमेंटल लाइटिंग का कार्य कराया जाएगा। तीन करोड रुपये से देवीपाटन मंदिर से जुड़े नंदा देवी मंदिर नंदमहरा का पर्यटन विकास भी होगा। लगभग पांच करोड़ रुपये से कलश चौराहे से देवीपाटन मंदिर जाने वाले मार्ग पर म्यूरल वाल बनाई जाएगी जिसमें सड़क के दोनों तरफ विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां उकेरी जाएगी। देवीपाटन मंदिर में भव्य द्वार बनाए जाएंगे। आधुनिक सुलभ शौचालय का निर्माण होगा जिसमें करीब तीन करोड़ रुपये व्यय होगा। देवीपाटन मंदिर में ही स्थित ऐतिहासिक समय माता मंदिर का पर्यटन विकास होगा जिसमें करीब दो करोड़ खर्च किए जाएंगे। वहीं, इसी दो करोड़ रुपयों से ही नगर में स्थित सुप्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर को भी विकसित करने की योजना है। 


मिली स्वीकृति, शीघ्र शुरू होगा कार्य


स्थानीय अधिकारियों के अनुसार इन सभी कार्यों के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। पर्यटन विभाग को इसे दिया जा चुका है। बहुत जल्दी ही इसकी निविदा की प्रक्रिया पूरी करके काम शुरू किया जाएगा। देवीपाटन मंदिर महंत मिथलेश नाथ योगी ने कहा कि, इन सभी प्रस्तावों को शासन स्तर तक पहुंचाया गया था, जिसका अब काम शुरू हो जाएगा। और कहा कि देवीपाटन तीर्थ विकास परिषद के अंतर्गत अभी काफी काम कराने हैं जो इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.