मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के विस्तार को मिलेगी रफ्तार, अतिरिक्त बजट के लिए मुख्यमंत्री से किया अनुरोध

 मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अतिरिक्त आधारभूत सुविधाओं के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा हुई, जिस पर उन्होंने सैद्धांतिक सहमति भी जताई।






विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, परिसर में प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक, छात्र-छात्राओं के छात्रावास, फैसिलिटी सेंटर, कुलपति आवास, आवासीय भवन, पुलिस बूथ, सर्वेंट क्वार्टर और पावर हाउस समेत कई निर्माण कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। 20 जुलाई से विश्वविद्यालय का प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संचालन भी नए निर्माणाधीन परिसर से शुरू हो चुका है।




आगामी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने करीब 1000 लोगों की क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम, 25 कमरों के गेस्ट हाउस, इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम तथा परिसर स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की है।




विश्वविद्यालय का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शिक्षा, शोध, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार, सम्मेलन और अन्य आयोजनों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री से आवश्यक बजट स्वीकृत कराने और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया गया है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.