बलरामपुर में डीएम ने किया जिला मेमोरियल अस्पताल में औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक

बलरामपुर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंगलवार सुबह जिला मेमोरियल चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के वार्डों और ओपीडी का निरीक्षण किया तथा मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली।






निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों से चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे परीक्षण, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर जांच और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।


साफ-सफाई और दवाओं की उपलब्धता पर जोर


डीएम ने ओपीडी में मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


उन्होंने अस्पताल के वार्डों, ओपीडी, शौचालयों और परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों के लिए स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।


यह भी पढ़ें: यूपी में चक्रवात ‘अर्णब’ का संभावित असर, 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट


मरीजों से संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश


जिलाधिकारी ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने और मरीजों को निर्धारित निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ देने पर जोर दिया। उन्होंने चिकित्सकीय उपकरणों और अन्य संसाधनों को क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए।



डीएम ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरीक्षण और निगरानी की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.