बलरामपुर में लगातार हुई भारी बारिश के बाद राप्ती नदी का जलस्तर अब खतरे के निशान को पार कर गया है। 28 सितम्बर यानी सोमवार सुबह 7 बजे जलस्तर 104.600 मीटर दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे और 10 बजे भी जलस्तर 104.600 मीटर पर स्थिर रहा। इसके बाद 11 बजे जलस्तर बढ़कर 104.610 मीटर पहुंच गया।
28 सितम्बर को दोपहर 1 बजे राप्ती नदी का जलस्तर 104.620 मीटर पहुंच गया, जो खतरे के निशान के बराबर था। इसके बाद शाम 4 बजे जलस्तर और बढ़कर 104.630 मीटर दर्ज किया गया। इस तरह नदी का पानी अब खतरे के निशान 104.620 मीटर से 1 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है।
तटवर्ती गांवों में बढ़ी चिंता
राप्ती नदी के जलस्तर के खतरे के निशान को पार करने के बाद तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक नदी के जलस्तर में 3 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
किसी भी आपदा, जलभराव या सहायता की आवश्यकता होने पर जिला आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 05263-1077 और 9170277336 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस सहायता के लिए 112 और एंबुलेंस के लिए 108 पर कॉल करें।
