बलरामपुर जिलें में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चरनगहिया-बेलहा गांव में दुर्गा पंडाल के बगल में लगे टेंट में प्रोजेक्टर लगाकर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे दुर्गा पंडाल में आरती समाप्त होने के बाद गांव के कुछ लोग टेंट में प्रोजेक्टर के माध्यम से भक्ति से जुड़े वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान गौरा चौराहा की तरफ से आ रही एक फोर्ड कार अनियंत्रित होकर टेंट में घुस गई और वहां मौजूद लोगों को रौंदते हुए दीवार से जा टकराई। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तीन ग्रामीणों की मौत, चार घायल
हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) घायल हुए हैं। सभी पीड़ित चरनगहिया-बेलहा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को बरामद कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जानकारी में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
बलरामपुर जिलें में शनिवार रात हुई एक दर्दनाक सड़क हादसे पर सुनिए CO सिटी की बाइट pic.twitter.com/SWss2qfk1v
— UP47wale (@UP47wale) October 18, 2026
यह भी पढ़ें: बलरामपुर पहुंचा 308 पहियों वाला विशाल ट्रेलर, भारी मशीन देखने उमड़ी लोगों की भीड़, जानिए कहां होगा स्थापित
ग्रामीणों के अनुसार, नवरात्रि के दौरान पंडाल के पास हर साल भक्ति से जुड़ी फिल्में, वीडियो और भजन दिखाए जाते हैं। शनिवार रात भी ग्रामीण इसी कार्यक्रम में शामिल थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
