बलरामपुर जिलें में दाखिल-खारिज की ऑनलाइन प्रक्रिया के विरोध में अधिवक्ताओं के आंदोलन के बीच जिला मुख्यालय पर बुधवार से न्यायिक कामकाज फिर शुरू हो गया। विभिन्न न्यायालयों में कुल 1121 मामलों की सुनवाई हुई। इससे लंबे समय से अपने मुकदमों की सुनवाई का इंतजार कर रहे वादकारियों को राहत मिली है।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के साथ मंगलवार को हुई वार्ता के बाद जिला बार एसोसिएशन ने न्यायिक कार्य बहिष्कार समाप्त कर बुधवार से काम शुरू करने का निर्णय लिया था। इसके बाद दीवानी, फौजदारी, तहसील और कलेक्ट्रेट के न्यायालयों में अधिवक्ताओं ने पहुंचकर मुकदमों की पैरवी की। न्यायिक कामकाज बहाल होने से वादकारियों को अब अपने मामलों में सुनवाई आगे बढ़ने की उम्मीद है।
उतरौला में भी खत्म हुई हड़ताल
उतरौला में बार संघ की बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। बार संघ अध्यक्ष प्रह्लाद यादव और महामंत्री रवि शंकर मिश्र के अनुसार, बृहस्पतिवार से न्यायालयों में नियमित कामकाज शुरू होगा।
यहां अधिवक्ता नामांतरण की ऑनलाइन प्रक्रिया के विरोध में क्रमिक अनशन और न्यायिक कार्य बहिष्कार कर रहे थे। आंदोलन समाप्त होने से लंबित मामलों की सुनवाई आगे बढ़ने की उम्मीद है।
तुलसीपुर में आज होगी बैठक
तुलसीपुर में अधिवक्ताओं का आंदोलन अभी जारी है। बार संघ अध्यक्ष कमलनयन तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को होने वाली बैठक में मांगों और अब तक के घटनाक्रम पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद आंदोलन जारी रखने या समाप्त करने को लेकर आगे की रणनीति तय होगी।
फिलहाल जिला मुख्यालय और उतरौला में न्यायिक कामकाज शुरू होने से लोगों को राहत मिली है, जबकि तुलसीपुर में अदालतों का कामकाज बहाल होने के लिए अधिवक्ताओं के फैसले का इंतजार है।
