बलरामपुर जिलें से उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (यूपी पीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने विशेष व्यवस्था की है। बलरामपुर डिपो से लखीमपुर खीरी के लिए 10 बसों का संचालन किया जाएगा। जिले के करीब पांच हजार अभ्यर्थियों को तीन दिनों में परीक्षा देने लखीमपुर जाना है।
इस बार यूपी पीईटी परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए बसों की व्यवस्था की गई है।
दोपहर 12:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मिलेंगी बसें
बलरामपुर डिपो से लखीमपुर होते हुए दिल्ली जाने वाली पांच बसें नियमित रूप से संचालित होती हैं। इनके प्रस्थान का समय दोपहर 12:30 बजे, 1:30 बजे, 2:30 बजे, शाम 4 बजे और 5:30 बजे निर्धारित है। इसके अलावा अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए पांच अतिरिक्त विशेष बसें भी चलाई जाएंगी।
बलरामपुर डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना प्राथमिकता है। बसों से संबंधित जानकारी डिपो से प्राप्त की जा सकती है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क भी बनाया गया है।
206 किलोमीटर की दूरी, 287 रुपये किराया
बलरामपुर से लखीमपुर की दूरी करीब 206 किलोमीटर है। एक यात्री का किराया 287 रुपये निर्धारित किया गया है। परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: यूपी पीईटी 2026 अभ्यर्थियों के लिए गोरखपुर-लखनऊ के बीच चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन
कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि उनकी परीक्षा 25 अक्टूबर को पहली पाली में है। ऐसे में वे शनिवार शाम को ही बस से लखीमपुर के लिए रवाना होंगे, ताकि समय से परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे बसों के समय और उपलब्धता की जानकारी पहले ही डिपो से प्राप्त कर लें, जिससे परीक्षा के दिन यात्रा में परेशानी न हो।
