बलरामपुर जिले में दाखिल-खारिज की प्रक्रिया को लेकर लागू नए शासनादेश के विरोध में चल रहे अधिवक्ताओं के आंदोलन का मुद्दा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने उठाया गया। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शासनादेश में मौजूद विसंगतियों और इससे होने वाली समस्याओं की जानकारी दी।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि नए शासनादेश को लेकर जिले के अधिवक्ताओं में नाराजगी है। इसके विरोध में अधिवक्ता आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने शासनादेश की विसंगतियों को दूर करने और अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने की मांग रखी।
इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहमति जताते हुए कहा कि भविष्य में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनका पक्ष सुना जाएगा।
इस दौरान उतरौला नगर पालिका के अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप गुप्ता और तुलसीपुर के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की भी मौजूद रहे।
