उत्तर प्रदेश में चक्रवात अर्णब के संभावित प्रभाव और 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश में बारिश व तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर हालात पर लगातार नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करें।
राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से भी सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां दुरुस्त रखने और मौसम की स्थिति के अनुसार समय रहते जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह देने तथा किसानों की फसलों और पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें : यूपी में चक्रवात ‘अर्णब’ का संभावित असर, 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि खराब मौसम के दौरान किसी भी तरह की जनहानि रोकने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम किया जाए और परिस्थितियों के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
