उत्तर प्रदेश में UP PET 2026 परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और सभी परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया है। अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों का सर्वे कर जाम की समस्या से निपटने और अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आसानी से पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके अलावा, दूसरे जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रैन बसेरों में सम्मानजनक ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पर्याप्त बसों की व्यवस्था करेगा। वहीं, रेलवे के साथ तालमेल बनाकर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस प्रशासन को भी फील्ड में मुस्तैद रहकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि UP PET 2026 की परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित होगी। इस परीक्षा में करीब 37 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
