बलरामपुर में दीपावली पर्व को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बलरामपुर ने जनपदवासियों के लिए अग्नि सुरक्षा एवं पटाखों के सुरक्षित उपयोग को लेकर एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
जारी एडवाइजरी में पटाखों को केवल खुले और सुरक्षित स्थानों पर जलाने, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने देने तथा पटाखे जलाते समय उनकी निगरानी करने की सलाह दी गई है। साथ ही घरों और दुकानों में दीपक व मोमबत्ती को ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखने और बिजली के तारों के आसपास आतिशबाजी न करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने पटाखों को पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखने के निर्देश दिए हैं। दुकानदारों और पटाखा विक्रेताओं को भी निर्धारित नियमों के अनुसार ही पटाखों का भंडारण और बिक्री करने तथा अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है।
एडवाइजरी में आग लगने की स्थिति में सबसे पहले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, तत्काल अग्निशमन सेवा और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की सलाह दी गई है। इसके अलावा प्राथमिक उपचार और बिजली से जुड़ी सुरक्षा के लिए भी जरूरी सावधानियां बताई गई हैं।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर जिला मेमोरियल चिकित्सालय में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर शुरू, मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क:
- अग्निशमन सेवा: 101 / 112
- पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
- एंबुलेंस सेवा: 108
- जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, बलरामपुर: 05263-1077, 9170277336
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि दीपावली का त्योहार खुशियों और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
