बलरामपुर एमपीपी इंटर कॉलेज के प्रांगण में 2 से 4 नवंबर तक लगेगा सरस मेला, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की होगी बिक्री

बलरामपुर जिलें के ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बलरामपुर में 2 से 4 नवंबर तक सरस मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत यह मेला एमपीपी इंटर कॉलेज के प्रांगण में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी।






मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। इसमें स्टॉल आवंटन, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।


महिला समूहों के उत्पादों को मिलेगा नया बाजार


मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरस मेला ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा। इससे उनकी आय बढ़ाने के साथ स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए व्यवस्थित स्टॉल लगाए जाएं।


सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी


मेले में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। विभागों को आवश्यक प्रचार सामग्री उपलब्ध कराने और आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।


सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण का केंद्र


सरस मेले को आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सांस्कृतिक विभाग और विद्यालयों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।


व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए बनेगी समिति


मुख्य विकास अधिकारी ने मेले की तैयारियों और आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। समिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा, ताकि व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और समस्याओं का समय से समाधान हो सके।


इसके अलावा मेले में शामिल होने वाली महिलाओं के ठहरने, भोजन और शौचालय की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के साथ ही पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर में 16 नवंबर से शुरू होगी दूसरे चरण की स्व-गणना, घर बैठे मोबाइल से भरें; जानिए पूरी प्रक्रिया



जनपदवासियों से मेले में पहुंचने की अपील


मुख्य विकास अधिकारी ने बलरामपुर के लोगों से 2 से 4 नवंबर तक एमपीपी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सरस मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीददारी कर ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.