बलरामपुर जिलें तुलसीपुर क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण और लोगों की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए 9.95 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए परियोजना तैयार की गई है।
प्रस्तावित अग्निशमन केंद्र में विभागीय कार्यालय के साथ जरूरी सुविधाएं और आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे। इससे अग्निशमन कर्मियों को केंद्र परिसर में ही रहने की सुविधा मिलेगी और आपात स्थिति में सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर में टोल प्लाजा के 20 किमी दायरे में रहने वालों को राहत, 1500 रुपये में बनेगा सालाना पास
दरअसल, तुलसीपुर क्षेत्र में बढ़ती आबादी, बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक अग्निशमन सेवाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में नया केंद्र बनने से तुलसीपुर सहित आसपास के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं पर जल्द कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। इससे आग के कारण होने वाले जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकेगा।
निर्धारित मानकों के अनुसार होगा निर्माण
अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड (भवन), लोक निर्माण विभाग अर्पित कुमार ने बताया कि तुलसीपुर में आधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें कार्यालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अलावा आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। साथ ही परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
