कुआनों नदी पर बन रहे चोरघटा पुल के एप्रोच मार्ग निर्माण के लिए शासन ने 1 करोड़ 09 लाख 78 हजार का बजट जारी कर दिया है। एप्रोच मार्ग बनने से बलरामपुर, गोंडा और सिद्धार्थनगर जनपद के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी। पुल बन जाने से करीब 10 हजार लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर जिलें के इन 11 स्थानों पर 1.30 करोड़ की लागत से होगा आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण
चोरघटा घाट पर वर्ष 2014-15 में पुल का शिलान्यास हुआ था। 4.59 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन वन विभाग की आपत्तियों के चलते यह बार-बार बाधित होता रहा। वर्ष 2016 और 2019 में दो बार निर्माण रोक दिया गया, मगर एक बार फिर से प्रशासन ने वन विभाग से समन्वय कर निर्माण की प्रक्रिया को दोबारा शुरू कराया। हाल ही में एनओसी मिलने के बाद पुल निर्माण की दिशा में गति आई, और अब शासन द्वारा एप्रोच मार्ग का बजट जारी होने से स्थानीय लोगों को जल्द सुविधा मिलने की उम्मीद है।
जल्द ही शुरू होगा निर्माण कार्य
चोरघटा घाट पर एप्रोच मार्ग के लिए बजट जारी कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। यह मार्ग तीन जनपदों के लिए आवागमन की बड़ी सुविधा बनेगा - राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग