Balrampur News : बलरामपुर में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, 20 वर्षीय छात्र की मौत

बलरामपुर के सिविल लाइन मोहल्ले में बरम बाबा मंदिर के पास बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय छात्र अभय मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।




बताया गया कि चूड़ी मार्केट निवासी अभय स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार को वह पुरानी कचहरी के पास स्थित अपने बड़े पिता पुनीत मिश्रा की दुकान पर छोटे भाई की मार्कशीट और कुछ जरूरी कागजात लेने गया था। कागजात लेने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था।


इसी दौरान बरम बाबा मंदिर के पास सड़क पर बनी छोटी पुलिया पर बाइक पहुंचते ही उछल गई और अभय बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभय बाइक काफी तेज रफ्तार में चला रहा था। हादसे के समय उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था और दोनों कानों में हेडफोन लगा रखा था।


हादसे के समय बरम बाबा मंदिर परिसर में रामायण का आयोजन चल रहा था। बाइक के सड़क पर गिरने की तेज आवाज सुनकर आयोजन में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। घायल युवक को देखकर लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।




अभय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उसके पिता विनीत मिश्रा अहमदाबाद में निजी नौकरी करते हैं। वहीं, प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.