बलरामपुर जनपद की महिलाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत संचालित बाल विकास परियोजनाओं में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं आंगनबाड़ी सहायिका के कुल 495 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र महिला अभ्यर्थियों से इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
भर्ती में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के 236 पद और आंगनबाड़ी सहायिका के 259 पद शामिल हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभागीय भर्ती पोर्टल upanganwadibharti.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
परियोजनावार आंगनबाड़ी कार्यकत्री की वैकेंसी
आंगनबाड़ी कार्यकत्री के कुल 236 पद विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में रिक्त हैं। परियोजनावार पदों का विवरण इस प्रकार है:
- बलरामपुर शहर: 10 पद
- बलरामपुर देहात: 18 पद
- हर्रैया सतघरवा: 44 पद
- तुलसीपुर: 32 पद
- गैसड़ी: 18 पद
- पचपेड़वा: 35 पद
- श्रीदत्तगंज: 12 पद
- गैड़ास बुजुर्ग: 07 पद
- रेहरा बाजार: 26 पद
- उतरौला: 23 पद
- उतरौला नगर: 11 पद
परियोजनावार आंगनबाड़ी सहायिका की वैकेंसी
- बलरामपुर शहर: 32 पद
- बलरामपुर देहात: 26 पद
- हर्रैया सतघरवा: 28 पद
- तुलसीपुर: 39 पद
- गैसड़ी: 12 पद
- पचपेड़वा: 28 पद
- श्रीदत्तगंज: 10 पद
- गैड़ास बुजुर्ग: 16 पद
- रेहरा बाजार: 09 पद
- उतरौला: 19 पद
- उतरौला नगर: 40 पद
इंटरमीडिएट होगी न्यूनतम शैक्षिक योग्यता
आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका के पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट अथवा समकक्ष निर्धारित की गई है। चयन के लिए अधिकतम शैक्षिक योग्यता के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।
निर्धारित कट-ऑफ डेट 01 जुलाई 2026 को अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए। आयु के संबंध में अभ्यर्थी के हाईस्कूल अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र में अंकित जन्मतिथि ही मान्य होगी।
स्थानीय निवासी महिला अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
चयन प्रक्रिया में संबंधित ग्राम सभा/वार्ड की निवासी पात्र महिला अभ्यर्थियों को शासन द्वारा निर्धारित वरीयता के आधार पर अवसर प्रदान किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में अभ्यर्थी का संबंधित ग्राम सभा तथा शहरी क्षेत्र में संबंधित वार्ड का निवासी होना आवश्यक होगा।
सीधी भर्ती में शासन द्वारा निर्धारित क्रम के अनुसार गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार की विधवा महिला को प्रथम वरीयता दी जाएगी। ऐसी महिला उपलब्ध न होने पर उसी ग्राम सभा/वार्ड की गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार की विधिक तलाकशुदा/परित्यक्ता महिला को वरीयता दी जाएगी। इसके बाद बीपीएल परिवार की अन्य पात्र महिला अभ्यर्थियों पर विचार किया जाएगा।
इन श्रेणियों में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध न होने की स्थिति में गरीबी रेखा से ऊपर जीवनयापन करने वाले परिवारों की महिलाओं में भी शासन द्वारा निर्धारित क्रम के अनुसार विधवा, विधिक तलाकशुदा/परित्यक्ता एवं अन्य पात्र महिला अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर जिलें में सुरक्षा जवान और सुपरवाइजर के 1500 पदों पर निकली भर्ती, यहां देखे पूरी जानकारी
शासन के नियमानुसार लागू होगा आरक्षण
आंगनबाड़ी कार्यकत्री की नियुक्ति में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित शासनादेशों के अनुसार आरक्षण का अनुपालन किया जाएगा। आरक्षण का लाभ प्राप्त करने के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत वैध प्रमाण-पत्र ऑनलाइन आवेदन के साथ संलग्न करना आवश्यक होगा।
महत्वपूर्ण: एक आंगनबाड़ी केंद्र पर एक ही परिवार की दो महिलाओं की नियुक्ति आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका के पद पर नहीं की जाएगी।
आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे
अभ्यर्थियों को विभागीय पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान आवश्यक अभिलेखों की स्व-हस्ताक्षरित प्रतियां निर्धारित प्रारूप में अपलोड करनी होंगी।
ऑनलाइन फॉर्म में दर्ज विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा शैक्षिक अभिलेखों/प्रमाण-पत्रों से भिन्न या गलत जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थन निरस्त किया जा सकता है।
विधवा अभ्यर्थी के लिए संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी/नगर निकाय द्वारा निर्गत मृत्यु प्रमाण-पत्र एवं परिवार पंजिका की प्रमाणित प्रति आवश्यक होगी। वहीं तलाकशुदा/परित्यक्ता के संबंध में सक्षम न्यायालय द्वारा निर्गत विधिक आदेश मान्य होगा।
निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र तहसील से ऑनलाइन डिजिटल हस्ताक्षर के साथ निर्गत होना आवश्यक है। नगर पालिका परिषद बलरामपुर शहर एवं उतरौला के रिक्त पदों के लिए निवास प्रमाण-पत्र में संबंधित वार्ड का उल्लेख होना आवश्यक होगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी इफ्तखार अहमद ने इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय से ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने की अपील की है।
ध्यान दें: आवेदन करने से पहले भर्ती की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य नियमों की जानकारी विभागीय भर्ती पोर्टल पर अवश्य जांच लें।
