बलरामपुर जिले के तुलसीपुर शहर के हरैया तिराहे रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे बंद रेलवे क्राॅसिंग को जबरन पार करने के प्रयास में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने गेट तोड़ दिया। ट्रैक्टर की टक्कर से ट्रेन संचालन के लिए लगे बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान बिजली काट दी गई, जिससे बड़ा हादसा बच गया। बलरामपुर-गोंडा रेल लाइन पर तीन घंटे ट्रेनों का आवागमन ठप रहा। कौवापुर रेलवे स्टेशन पर गोमतीनगर एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे तक खड़ी रही। तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर बनारस एक्सप्रेस 05131 करीब तीन घंटे खड़ी रही। जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
स्टेशन मास्टर डीके राव ने बताया कि हाईटेंशन तार के क्षतिग्रस्त होने से बलरामपुर-गोंडा-गोरखपुर रेलवे लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई। बिजली के क्षतिग्रस्त तारों को जोड़ने और रेलवे क्राॅसिंग के गेट को ठीक कराने के लिए इंजीनियरों व कर्मचारियों को लगाया गया। मरम्मत कराने के बाद दोपहर करीब 1:35 बजे यातायात बहाल किया जा सका।
जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए तुलसीपुर थाने में तहरीर दे दी गई है। वहीं प्रभारी निरीक्षक थाना तुलसीपुर राजकुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
