बलरामपुर में यूरिया के लिए किसानों को करना पड़ रहा ऐसा काम, देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान

बलरामपुर जिलें में यूरिया वितरण व्यवस्था की अव्यवस्थाएं किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। नेटवर्क की समस्या के चलते कई सहकारी समितियों पर किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बी-पैक्स सहकारी समिति कोहड़ौरा में तो हालात ऐसे हैं कि किसानों से पीओएस मशीन में अंगूठा लगवाने के लिए उन्हें करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी की सीढ़ियों पर चढ़ाया जा रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।






इन दिनों धान और गन्ने की फसल में यूरिया डालने का महत्वपूर्ण समय है। समितियों में पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद इंटरनेट और सर्वर की समस्या के कारण उर्वरक वितरण प्रभावित हो रहा है। बुधवार को समिति के सचिव पानी की टंकी पर पीओएस मशीन लेकर चढ़े और वहीं से किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन कर खाद वितरित की गई।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर में लेखपालों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, तहसील का कामकाज प्रभावित


किसानों का कहना है कि कई घंटों तक लाइन में खड़े रहने के बाद मुश्किल से एक-दो बोरी यूरिया मिल पाती है। उनका आरोप है कि कई बार मिलने वाली यूरिया में नमी भी होती है। जिले की अन्य समितियों में भी कहीं जर्जर भवन तो कहीं बिजली के ढीले तारों के बीच किसानों को जोखिम उठाकर खाद लेनी पड़ रही है।


जिले में कुल 131 सहकारी समितियों में से 96 समितियां संचालित हैं। इनसे जुड़े हजारों किसानों को खरीफ सीजन के लिए उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग का दावा है कि समितियों पर यूरिया और डीएपी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है तथा अधिकांश स्थानों पर वितरण सुचारु रूप से चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि केवल कुछ जगहों पर इंटरनेट नेटवर्क की समस्या सामने आई है।


यह भी पढ़ें : बलरामपुर में महिला को ब्लैकमेल कर रंगदारी मांगने का मामला, आरोपी गिरफ्तार


पानी की टंकी पर चढ़कर पीओएस मशीन से वितरण कराने का मामला सामने आने के बाद सहकारिता विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने जांच के आदेश देते हुए कहा है कि रिपोर्ट मिलने के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.