बलरामपुर में दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के चार सदस्य मृत मिले, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव स्थित गोसाई पुरवा में शुक्रवार शाम करीब 6:50 बजे हुई एक दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घर के भीतर एक ही परिवार के चार सदस्य गोली लगे हालत में मृत पाए गए। मृतकों में 28 वर्षीय बजरंग गिरी, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल, तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा और 10 माह का बेटा जयदीप शामिल हैं।






प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि पहले पत्नी और दोनों बच्चों को गोली मारी गई, जिसके बाद बजरंग गिरी ने स्वयं को गोली मारी हो सकती है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।


यह भी पढ़ें: बलरामपुर जिलें के झौहना गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मोबाइल वीडियो से बड़ा खुलासा; पुलिस जांच जारी


घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घर के अंदर चारों को खून से लथपथ देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, कोतवाली देहात पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए और विस्तृत जांच शुरू की।


मृतक के भाई राम कुमार गिरी ने बताया कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे तो चारों के शव घर के अंदर पड़े मिले। उन्होंने बताया कि सभी को देशी कट्टे से गोली मारे जाने की आशंका है, लेकिन घटना के पीछे की वजह उन्हें भी नहीं पता।


यह भी पढ़ें : बलरामपुर में यूरिया के लिए किसानों को करना पड़ रहा ऐसा काम, देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान 






पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दो देशी कट्टे और कई खोखे बरामद किए गए हैं। मृतक के दोनों भाइयों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, मोबाइल फोन की पड़ताल, पारिवारिक संबंधों, आर्थिक स्थिति और अन्य सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।


देर रात तक पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी रही, जबकि पूरे गांव में इस हृदयविदारक घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.