बलरामपुर जिले के तुलसीपुर में स्थित कलश चौराहे से शक्तिपीठ देवीपाटन होते हुए जरवा रोड स्थित शुगर फैक्टरी के समीप नकटी नाला पुल तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में प्रशासन ने गति बढ़ा दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण एवं अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया इसी सप्ताह से प्रारंभ की जाएगी।
उपजिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत ने बताया कि लगभग 70 प्रतिशत भूमि का बैनामा पूरा किया जा चुका है। शेष भूमि के लिए भी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिन भवनों व संरचनाओं पर निर्माण प्रस्तावित है, उन्हें हटाने की कार्रवाई इसी सप्ताह से शुरू की जाएगी, ताकि शीघ्र फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके।
एसडीएम ने बताया कि देवीपाटन मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के साथ-साथ शुगर फैक्टरी तक जाने वाले गन्ना लोड ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहनों के कारण इस मार्ग पर प्रतिदिन अत्यधिक यातायात दबाव रहता है। हरैया तिराहे के समीप स्थित मंडी समिति के चलते जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। फोरलेन के निर्माण से जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
इसके अलावा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से सीओ आवास तक प्रस्तावित रोडवेज बसअड्डा और देवीपाटन कॉरिडोर के निर्माण से भविष्य में इस मार्ग पर यातायात और बढ़ने की संभावना है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए ओवरब्रिज और फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसमें ओवरब्रिज का निर्माण प्रारंभ हो चुका है, जबकि फोरलेन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है।
