गोंडा-कचहरी तीसरी रेल लाइन के लिए मेगा ब्लॉक मंजूर, 40 ट्रेनें रद्द और 53 का बदला रूट

गोंडा से कचहरी स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस कार्य के लिए रेलवे बोर्ड ने 10 जून से 9 जुलाई तक मेगा ब्लॉक को मंजूरी दे दी है। इस अवधि में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य होने के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा।






पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, बुढ़वल से गोंडा तक तीसरी लाइन का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और अब गोंडा कचहरी से गोंडा स्टेशन के बीच करीब 5 किलोमीटर ट्रैक का कार्य शेष है। इसी हिस्से में प्री-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा। इसके बाद 10 जुलाई को सीआरएस द्वारा निरीक्षण किया जाएगा।



इस मेगा ब्लॉक के चलते कुल 40 ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में निरस्त किया गया है, जबकि 53 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। प्रभावित ट्रेनों में गोरखपुर से ऐशबाग और लखनऊ के बीच चलने वाली इंटरसिटी सेवाएं, छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस, बलरामपुर-ग्वालियर एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।



इसके अलावा गोरखपुर-पुणे, अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस और विभिन्न पैसेंजर ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। इनमें गोंडा से बलरामपुर होकर नकहा जंगल, गोंडा-गोरखपुर, गोंडा-सीतापुर और गोंडा-बहराइच रूट शामिल हैं।


रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.