बलरामपुर के इस गांव में हो रहा आधुनिक पंचायत उत्सव भवन का निर्माण, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा

 

बलरामपुर जिले के गोंदीपुर गांव में ग्रामीणों की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पंचायत को मिले मुख्यमंत्री पुरस्कार की धनराशि से यहां आधुनिक पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे गांव के लोगों को शादी, तिलक, मुंडन जैसे आयोजनों के लिए अब महंगे होटल और लॉज का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।





गोंदीपुर की प्रधान आकांक्षा सिंह ने बताया कि वर्ष 2024-25 में पंचायत को बेहतर कार्यों के लिए जिले में दूसरा स्थान मिला था, जिसके तहत 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली। इसी राशि का उपयोग गांव के विकास कार्यों में किया जा रहा है, जिसमें उत्सव भवन का निर्माण प्रमुख है। करीब 5000 वर्ग फीट क्षेत्र में बन रहे इस भवन पर लगभग 18 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।


यह उत्सव भवन एक हजार लोगों की क्षमता के साथ तैयार किया जा रहा है। इसमें दो बड़े कमरे, एक विशाल टीन शेड, किचन, शौचालय, स्नानघर और दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधाएं भी होंगी। इसके अलावा मुख्य मार्ग से सटे दुकानों का भी निर्माण किया गया है, जिससे पंचायत को नियमित आय प्राप्त हो रही है।


प्रधान के अनुसार, इस पहल से जहां ग्रामीणों को सस्ते और सुविधाजनक स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने का अवसर मिलेगा, वहीं पंचायत की आय में भी बढ़ोतरी होगी। फिलहाल भवन का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन इसका उपयोग शुरू हो चुका है—फरवरी में एक शादी समारोह भी यहां संपन्न हुआ।


भवन के पूरा होने के बाद इसके उपयोग के लिए नाममात्र शुल्क तय किया जाएगा, जिससे रखरखाव के साथ-साथ पंचायत की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.