बलरामपुर में एजेंसियों पर स्टॉक खत्म होने से रसोई गैस की वितरण व्यवस्था ठप, खाली एजेंसियों के चक्कर काट रहे उपभोक्ता

बलरामपुर जिले में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। एजेंसियों पर स्टॉक खत्म होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि बुकिंग के 10 दिन बाद भी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे रोजमर्रा की रसोई प्रभावित हो रही है।





शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित बालाजी गैस एजेंसी पर स्टॉक शून्य रहा, जहां बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि 12 अप्रैल को बुकिंग कराने के बावजूद अभी तक गैस सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो सकी है। वहीं, होम डिलीवरी सेवा भी प्रभावित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि स्टॉक खत्म होने के कारण वितरण बाधित हुआ है और जल्द आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।



गोंडा मार्ग स्थित राप्ती गैस एजेंसी का भी यही हाल है, जहां स्टॉक खत्म होने से सन्नाटा पसरा रहा। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की समस्या लगातार बनी हुई है और इसका कोई स्थायी समाधान नजर नहीं आ रहा।



ग्रामीण क्षेत्रों में और ज्यादा दिक्कत


ग्रामीण इलाकों में स्थिति और गंभीर हो गई है। उपभोक्ताओं को एक एजेंसी से दूसरी एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई लोगों को दूरदराज की एजेंसियों पर भेजा जा रहा है, जहां भी स्टॉक उपलब्ध नहीं है। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी गैस सिलिंडर के लिए भटकना पड़ रहा है।


एजेंसी संचालकों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो पाई है, जिससे वितरण पूरी तरह ठप हो गया है। अब उपभोक्ताओं को नई खेप आने का इंतजार है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.