NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत: यूपी रोडवेज बसों में किराए पर 50 प्रतिशत की छूट, CM योगी ने दिए विशेष निर्देश

21 जून को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में किराये पर 50 प्रतिशत छूट देने का फैसला किया है।






मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के 59 जिलों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में करीब साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। ऐसे में छात्रों को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रवेश पत्र दिखाने पर बस किराये में आधी छूट प्रदान की जाएगी।



मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र दूसरे जिले में है और उनके पास ठहरने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए अस्थायी आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन को परीक्षा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।



उन्होंने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर एनटीए के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ-साथ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।


सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र तक पहुंचे और निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा दे सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.