बलरामपुर में डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा-2 की छात्रा वैष्णवी तिवारी की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने घटना से जुड़े DJ संचालक चंद्र प्रकाश वर्मा और ऑपरेटर रामपाल सैनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने DJ में इस्तेमाल पिकअप वाहन, साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
बताया गया कि सोमवार को गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में DJ बज रहा था। इसी दौरान स्कूल की कक्षा में मौजूद सात वर्षीय वैष्णवी की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ी। बाद में उसकी मौत हो गई। मामले में तेज DJ की आवाज और छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, स्कूल प्रबंधक आशीष कुमार उपाध्याय की तहरीर पर कोतवाली नगर में चंद्र प्रकाश वर्मा और रामपाल सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। चंद्र प्रकाश वर्मा को बालाजी हाईटेक DJ का संचालक बताया गया है, जबकि रामपाल सैनी DJ ऑपरेटर है।
बलरामपुर में छात्रा की मौत मामले में DJ संचालक और ऑपरेटर गिरफ्तार, चौकी प्रभारी निलंबित, सुनिए अपर पुलिस अधीक्षक की बाइट pic.twitter.com/TWUszVr0Xi
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल UP-43 BT-5995 नंबर की पिकअप, DJ साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण कब्जे में लिए हैं। साथ ही घटनास्थल से जुड़े CCTV फुटेज को भी सुरक्षित कराया गया है।
चौकी प्रभारी निलंबित
मामले में पुलिस विभाग की ओर से भी कार्रवाई की गई है। मेवालाल पुलिस चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा को शिथिल पर्यवेक्षण के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें : बलरामपुर के स्कूल में 6 साल की बच्ची की मौत, डीजे के तेज शोर से तबीयत बिगड़ने का दावा
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है। छात्रा की मौत की परिस्थितियों और DJ की तेज आवाज से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
