बलरामपुर के चरनगहिया-बेलहा गांव में दुर्गा मंदिर के सामने हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीन श्रद्धालुओं के परिजनों और घायलों को रविवार को आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सदर विधायक पल्टूराम ने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और छह घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
यह हादसा 17 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे हुआ था। दुर्गा मंदिर में आरती के बाद सड़क किनारे पर्दा लगाकर फिल्म देख रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद (37), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (37) की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे।
मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में विधायक ने घायल दद्दू, सुरेश पांडेय, छेदी, धूपराम, मुकेश कुमार तिवारी और हरि प्रसाद को सहायता राशि दी। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में कोटेदार पर कार्रवाई, 198 क्विंटल से अधिक राशन का हिसाब नहीं मिला
इसके अलावा, सदर विधानसभा क्षेत्र के भुसैलवा गांव में नदी में डूबने से दिनेश कुमार उर्फ कुल्लू की मौत के मामले में उनके परिवार को चार लाख रुपये की आपदा राहत सहायता दी गई। प्रशासन ने शोक संतप्त परिवार को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई।
