बलरामपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सरकारी धान खरीद की शुरुआत 1 नवंबर 2026 से होगी। किसानों की सुविधा के लिए जिले में कुल 37 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। शासन ने कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति कुंतल और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी गोविन्द कुमार उपाध्याय ने बताया कि सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी बनाने के लिए किसानों का ई-पॉप डिवाइस के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। धान बेचने के बाद भुगतान सीधे किसानों के आधार से जुड़े और एनपीसीआई मैप्ड बैंक खातों में भेजा जाएगा।
फार्मर आईडी से होगी धान की खरीद
धान खरीद के लिए एग्रीस्टैक योजना के तहत बनी फार्मर आईडी का इस्तेमाल किया जाएगा। जिन किसानों की फार्मर आईडी उपलब्ध है, उन्हें खाद्य विभाग के पोर्टल पर अलग से पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी।
वहीं, जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है, उन्हें सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए खाद्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
धान खरीद, पंजीकरण या अन्य संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विभाग ने संपर्क नंबर जारी किए हैं। किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी, बलरामपुर के मोबाइल नंबर 7897580228 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा विभाग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001800150 पर भी सहायता ली जा सकती है।
यह भी पढ़ें: यूपी पीईटी अभ्यर्थियों के लिए बलरामपुर से लखीमपुर तक चलेंगी 10 बसें
सरकारी केंद्रों पर धान बेचने की अपील
जिला खाद्य विपणन अधिकारी गोविन्द कुमार उपाध्याय ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें, ताकि शासन की ओर से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। उन्होंने फार्मर आईडी नहीं होने वाले किसानों से समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कराने का भी आग्रह किया, जिससे धान बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
