गैंसड़ी में विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, एक की मौत और 11 घायल

बलरामपुर जिलें के गैसड़ी क्षेत्र में गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप मंगलवार देर रात अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 11 लोग घायल हो गए, जबकि इलाज के दौरान एक श्रद्धालु की मौत हो गई। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।





जानकारी के अनुसार, दीपावली पर स्थापित गणेश-लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन करने के बाद श्रद्धालु बरुनी नाले से पिकअप में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान विसर्जन स्थल से करीब 200 मीटर आगे कोतवाली के पास वाहन अचानक पलट गया। हादसे के बाद कई श्रद्धालु पिकअप के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और अन्य लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया।



घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सात लोगों को जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर किया गया। इनमें दुर्गेश (28) की हालत बुधवार शाम बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बहराइच रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।



वहीं, अन्य गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ और बहराइच भेजा गया है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।



हादसे में घायल सभी लोग नगर पंचायत गैसड़ी के खदगौरा वार्ड नंबर चार और बभनपुरवा वार्ड नंबर दस के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है।



खतरनाक मोड़ को लेकर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल


जिस स्थान पर पिकअप पलटी, वहां सड़क पर एक अंधा मोड़ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मोड़ काफी खतरनाक है और यहां थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने सड़क के इस हिस्से को सुरक्षित बनाने और मोड़ को ठीक कराने की मांग की है।



सीओ अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि मामले की जांच के लिए प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए गए हैं और पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी गई है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.