भारत ने वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट में पारी और 141 रन से हराकर सीरीज में बनाई 1-0 की अजेय बढ़त, यशस्वी ने जड़ा शानदार शतक तो अश्विन ने झटके 12 विकेट!
भारत ने वेस्टइंडीज को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में पारी और 141 रन से हराकर टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले वेस्टइंडीज ने मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने पहली पारी में 150 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने पहली पारी में पांच विकेट पर 421 रन बनाकर पारी घोषित कर दी इस प्रकार टीम इंडिया को 271 रनों की बढ़त हासिल हुई। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम मात्र 130 रनों पर ही सिमट गई। और इस तरह टीम इंडिया ने मैच को अपने पारी और 141 रनों से अपने नाम कर लिया और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के च्रक में पॉइंट्स टेबल में प्रथम स्थान हासिल कर लिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच जारी एशेज सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों के जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर था। लेकिन इंग्लैंड के हाथों तीसरे टेस्ट में मिली हार के कारण उसका जीत परसेंटेज कम हो गया था और इस तरह भारतीय टीम ने पहले स्थान पर कब्जा कर लिया है।
अश्विन के आगे वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ढेर!
रविचंद्रन अश्विन ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम को 130 रनों पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। अश्विन ने पहली पारी में पांच विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में भी सात विकेट चटकाए। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज का कोई बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाया। वेस्टइंडीज के लिए एलिक नथनेज ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए। जेसन होल्डर ने नाबाद 20 रनों की पारी खेली। जोमेल वॉरिकन ने 18, अल्जारी जोसेफ ने 13 और जोशुआ डी सिल्वा 13 रन बनाकर आउट हुए। रेमोन रीफर ने 11 रन बनाए। क्रेग ब्रैथवेट और तेजनारायण चंद्रपॉल सात-सात रन बनाकर आउट हुए। जर्मेन ब्लैकवुड पांच और रहकीम कार्नवॉल चार रन ही बना सके। केमार रोच अपना खाता नहीं खोल सके। भारत के लिए अश्विन के अलावा रवींद्र जडेजा ने दो और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट अपने नाम किया।
रोहित और यशस्वी ने लगाया शतक, तो विराट ने अर्धशतक!
इससे पहले भारत के लिए यशस्वी जायसवाल, कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शानदार पारियां खेलीं। यशस्वी ने 171 रन बनाए। यह उनका यह डेब्यू टेस्ट था। वहीं, कप्तान रोहित ने 103 रन की पारी खेली। विराट कोहली शतक नहीं लगा पाए और 76 रन बनाकर आउट हो गए। रवींद्र जडेजा 37 और ईशान किशन एक रन बनाकर नाबाद रहे। शुभमन गिल ने छह और अजिंक्य रहाणे ने तीन रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए केमार रोच, अल्जारी जोसेफ, रहकीम कार्नवॉल, जोमेल वॉरिकन और एलिक एथनेज ने एक-एक विकेट लिए।
यशस्वी जायसवाल बने मैन ऑफ द मैच!
यशस्वी जायसवाल ने 171 रनों की शानदार पारी खेली और भारत की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया जिसके कारण उन्हें मैन ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया गया।

