Maa Pateshwari University Balrampur: बलरामपुर के मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय नए शैक्षणिक सत्र से स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर पर 25 नए पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न संकायों में संचालित होने वाले पाठ्यक्रमों की सूची जारी कर दी है, जिससे बलरामपुर और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे।
विश्वविद्यालय का प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है। नए सत्र की पढ़ाई इसी परिसर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। कला, विज्ञान, कृषि, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, विधि और भाषा संकायों के अंतर्गत विभिन्न विषयों में पीजी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
कला संकाय में प्राचीन भारतीय इतिहास, पत्रकारिता एवं जनसंचार, राजनीति विज्ञान, सोशल वर्क, भूगोल, योगिक दर्शन और गृह विज्ञान सहित कई विषय शामिल हैं। वहीं विज्ञान संकाय में भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन जैसे विषयों में एमएससी की पढ़ाई होगी।
इसके अलावा इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय में एमसीए और एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, कृषि संकाय में एग्रोनॉमी, मृदा विज्ञान, कृषि रसायन एवं एग्रोफॉरेस्ट्री, जबकि विधि संकाय में एलएलएम और भाषा संकाय में हिंदी, संस्कृत एवं अंग्रेजी विषयों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध होगी
कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों के लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रयोगशाला सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उनका कहना है कि इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
