बलरामपुर जिलें के हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौधरीडीह चौराहे पर बिजली विभाग के एक अवर अभियंता के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि एक लाइनमैन की पत्नी ने अवर अभियंता की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला चर्चा में आ गया।
अवर अभियंता ने थाने में दी तहरीर
घटना के बाद अवर अभियंता अजीत कुमार सिंह ने संबंधित थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग और पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई है।
पहले भी विवादों में रहे हैं जेई
स्थानीय लोगों के अनुसार, अवर अभियंता के कार्य और व्यवहार को लेकर क्षेत्र में पहले से ही नाराजगी बनी हुई थी। कुछ माह पूर्व मणिपुर क्षेत्र में ग्रामीणों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन कर हटाने की मांग की थी। इसके अलावा, कुकुरभुकवा कैसरगंज चौराहे पर भी कथित तौर पर उनके साथ हाथापाई की घटना सामने आई थी, जिसमें कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
जांच में जुटी पुलिस
चौधरीडीह चौराहे पर महिला द्वारा की गई मारपीट की घटना फिलहाल इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी
