बलरामपुर में त्योहारों के मद्देनज़र इंडो-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, पुलिस-SSB की सख्त निगरानी

बलरामपुर जिलें में होली और रमजान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इंडो-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट घोषित करते हुए बलरामपुर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक पैदल गश्त की जा रही है। शहर से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।






शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च


त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस व एसएसबी ने जिले के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। प्रशासन की ओर से आमजन से कानून के दायरे में रहकर पर्व मनाने की अपील की गई है।

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी कोतवाली क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। होली के जुलूस मार्गों और रमजान में नमाज के दौरान भीड़ वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, शरारती तत्व या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दी जाए। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके।


इंडो-नेपाल बॉर्डर पर विशेष जांच अभियान


नेपाल सीमा से सटे इलाकों में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीमों द्वारा विशेष पैदल गश्त की जा रही है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है।सीमावर्ती गांवों में ग्राम सुरक्षा समितियों के साथ बैठक कर मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और गौ-तस्करी जैसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की अपील


प्रशासन ने दोनों समुदायों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.