बलरामपुर में लगातार आंधी-तूफान और खराब मौसम के चलते प्रभावित हुई बिजली व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने विकासखंड गैसड़ी के ग्राम पुरैना पहुंचकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने आंधी-तूफान और दैवीय आपदाओं से क्षतिग्रस्त हुए बिजली पोलों व अन्य संरचनाओं का तत्काल सर्वे कराने और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही फॉल्ट सुधार में देरी न करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
कम वोल्टेज की समस्या पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तुरंत समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को केवल बिजली ही नहीं, बल्कि पर्याप्त वोल्टेज के साथ बेहतर आपूर्ति मिलनी चाहिए।
लाइनमैनों और क्षेत्रीय अवर अभियंताओं (जेई) की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए डीएम ने साफ कहा कि सभी कर्मचारी पूरी सक्रियता से काम करें। जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
