बलरामपुर जिले के गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के थारू बहुल इलाकों में लंबे समय से जर्जर सात प्रमुख सड़कों की मरम्मत के लिए शासन से बजट स्वीकृत किया गया है। 85 लाख रुपये से इन सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिलेगी।
भगवानपुर-त्रिलोकपुर मार्ग के लिए 9.50 लाख रुपये, सोनपुर पुरैना-बालापुर मार्ग के लिए 29 लाख रुपये, बाकर पुरवा संपर्क मार्ग के लिए 8.50 लाख रुपये, गैसड़ी-जरवा मार्ग से चैपुरवा संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए 11.50 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इसी तरह महदेइया से भोजपुर लैबुड़वा संपर्क मार्ग के लिए 6.10 लाख रुपये, रेहरा कला से रेहरा खुद संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए 5.90 लाख रुपये व भोजपु-रेहरा से बेदमऊ संपर्क मार्ग के कायाकल्प लिए 15.30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इन सड़कों की हालत काफी समय से खराब थी। गड्ढों के कारण लोगों को रोजमर्रा के सफर में परेशानी उठानी पड़ती थी। खासकर बरसात के दिनों में कई मार्गों पर आवागमन बाधित हो जाता था। सड़कें दुरुस्त होने से स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से बेहतर होगा, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।
ग्रामीण रामसेवक, सुनील कुमार और फूलमती देवी ने कहा कि खराब सड़कों के कारण गांव से बाजार और अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो जाता था। बरसात में तो कई बार पैदल चलना भी दुश्वार हो जाता था। सड़कें बनने से बच्चों की पढ़ाई, इलाज और खेती-किसानी सभी काम आसान होंगे।
जल्द ही शुरू होगा काम
स्वीकृत सभी सड़कों पर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा - कुमार शैलेन्द्र, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी
