बलरामपुर जिले के तुलसीपुर के हर्रैया तिराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य उच्च न्यायालय के नोटिस से थम गया है। मुआवजे की मांग को लेकर प्रभावित दुकानदारों की याचिका दायर करने के बाद से निर्माण अटक गया है। 99.70 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस ओवरब्रिज का अब तक 20 फीसदी कार्य ही पूरा हो चुका है।
सेतु निगम के अनुसार, कुल 18 पिलरों में से सात का निर्माण हो चुका है। निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा था, लेकिन हाल ही में इसकी गति धीमी पड़ गई। दरअसल हरैया तिराहे पर स्थित कुछ दुकानदारों ने मुआवजे की मांग को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की है। उच्च न्यायालय से नोटिस मिलने के बाद निर्माण कार्य पर असर पड़ा है। यह ओवरब्रिज देवीपाटन मंदिर मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग की समस्या को हल करने के लिए बनाया जा रहा है।
कानूनी प्रक्रिया के बाद मिलेगी निर्माण को गति
कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण को फिर से गति दी जाएगी। ओवरब्रिज की कुल लंबाई 628 मीटर है। प्रयास किया जा रहा है कि निर्माण कार्य की बाधा जल्द दूर हो। फिलहाल जहां विवाद नहीं है, वहां का कार्य किया जा रहा है - वीके सिंह, अवर अभियंता सेतु निगम
