बलरामपुर जिले के सदर तहसील क्षेत्र के घूघुलपुर गांव में निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस अड्डे का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक करीब 46 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और मार्च 2026 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा कराने के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण स्थल पर मजदूरों की संख्या बढ़ाई गई है और कार्य में तेजी लाई जा रही है। बस अड्डा तैयार होने के बाद जिले के लोगों के साथ-साथ श्रावस्ती आने वाले बौद्ध तीर्थ यात्रियों और तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन धाम के श्रद्धालुओं को भी आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
करीब पांच करोड़ 26 लाख 45 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल 18.30 बीघे भूमि में विकसित किया जा रहा है। यहां यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस अड्डा तैयार किया जाएगा, जिसमें प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, पार्किंग और बसों के ठहराव के लिए पर्याप्त स्थान की व्यवस्था होगी। बस अड्डे का निर्माण इस प्रकार से कराया जा रहा है कि यहां आने वाले यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके। घूघुलपुर गांव में बन रहा यह बस अड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग 730 के किनारे स्थित है, जिससे अन्य जिलों और राज्यों से आने-जाने वाली बसों का संचालन सुगमता से किया जा सकेगा। बस अड्डे के निर्माण से न केवल जिले के परिवहन ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा लाभ प्राप्त होगा। अभी तक दूसरे राज्यों या दूरदराज के शहरों की यात्रा करने के लिए लोगों को अन्य बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन बस अड्डा बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। यह बस अड्डा पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनपद श्रावस्ती विश्व प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थ स्थल के रूप में जाना जाता है, जहां नेपाल, श्रीलंका, तिब्बत, कंबोडिया, म्यांमार, थाईलैंड, लाओस, चीन, जापान और कोरिया सहित कई देशों से बौद्ध अनुयायी हर वर्ष दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। घूघुलपुर से श्रावस्ती की दूरी अपेक्षाकृत कम होने के कारण इस बस अड्डे से विदेशी पर्यटकों को भी आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेंगी राहत
तुलसीपुर में स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर भी देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां वर्ष भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है और नवरात्रि जैसे अवसरों पर लाखों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। घूघुलपुर में बस अड्डा बन जाने के बाद देवीपाटन धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2020 में इस अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल की घोषणा की गई थी। इसके बाद 28 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घूघुलपुर गांव में बस अड्डे के निर्माण का शिलान्यास किया गया था। शिलान्यास के बाद से ही निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। बस अड्डे को आधुनिक स्वरूप देने के लिए इसे दिल्ली के प्रसिद्ध कश्मीरी गेट बस स्टेशन की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर और व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिल सके।
श्रावस्ती जिले की सीमा से सटे सदर तहसील के घूघुलपुर गांव में अंतर्राज्यीय रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। यह बस अड्डा क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा देगा। कार्यदायी संस्था यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग की ओर से निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है - गोपीनाथ दीक्षित, एआरएम बलरामपुर
