यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का 11 और 12 मार्च 2026 को दो दिवसीय बलरामपुर दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री बलरामपुर जिलें में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लेंगे, अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे तथा तुलसीपुर में स्थित सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
सीएम योगी का आगमन हेलीकॉप्टर द्वारा 11 मार्च को दोपहर 3:45 बजे माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय परिसर में होगा, यहां मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे और संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे. विश्वविद्यालय परिसर में लगभग 15 मिनट तक रुककर वे निर्माणाधीन भवन, आधारभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4:00 बजे यहां से अगले कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।
विश्वविद्यालय से प्रस्थान करने के बाद मुख्यमंत्री 4:05 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं संयुक्त चिकित्सालय पहुंचेंगे। यहां वे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।इस दौरान मुख्यमंत्री डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं। मेडिकल कॉलेज में उनका कार्यक्रम लगभग 15 मिनट का रहेगा और 4:20 बजे वे यहां से आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
मेडिकल कॉलेज से निकलकर मुख्यमंत्री 4:25 बजे कलेक्ट्रेट प्रांगण पहुंचेंगे। यहां वे जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
4:30 बजे से 5:20 बजे तक चलने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट लेंगे।
समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री 5:20 बजे कलेक्ट्रेट से पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। 5:30 बजे वे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे और 5:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से तुलसीपुर के लिए उड़ान भरेंगे।मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर 5:45 बजे तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी विद्यालय के हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे 5:50 बजे कार द्वारा देवीपाटन मंदिर के लिए रवाना होंगे। करीब 5:55 बजे मुख्यमंत्री देवीपाटन मंदिर परिसर पहुंचेंगे।
यहां रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन 12 मार्च 2026 को सीएम योगी शक्तिपीठ में मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन करेंगे और सुबह 9:30 बजे देवीपाटन मंदिर परिसर से कार द्वारा हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे। 9:35 बजे हेलीपैड पहुंचने के बाद वे राजकीय हेलीकॉप्टर से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगे।