बलरामपुर में सोमवार रात श्री राधा-कृष्ण की भव्य होली शोभायात्रा का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। शोभायात्रा की शुरुआत रामलीला मैदान से हुई और यह शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः रामलीला मैदान पर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा शहर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से निकलकर मेजर चौराहा, पुराना चौक, बड़ा पुल, टेढ़ी बाजार, गर्ल्स इंटर कॉलेज चौराहा, बर्तन बाजार चौक, वीर विनय चौराहा और अंबेडकर चौराहे से होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की मधुर धुनों पर भक्त झूमते नजर आए। रंग और गुलाल से सराबोर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं भी दीं।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। नगर कोतवाल मनोज कुमार सिंह, पूरब टोला चौकी प्रभारी संतोष शर्मा और चौकी प्रभारी रमन वर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का समापन रामलीला मैदान में आरती और प्रसाद वितरण के साथ किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता राज कुमार लाल श्रीवास्तव, संजय शर्मा, तुलशीष दुबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
