बलरामपुर में बनेगी वृहद गोशाला, कई ग्राम पंचायतों में जमीन चिन्हित — डीएम को भेजा गया प्रस्ताव

बलरामपुर जिले में बेसहारा गोवंश संरक्षण योजना के तहत जल्द ही एक बड़ी (वृहद) गोशाला का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग ने जिले की अलग-अलग पंचायतों में उपयुक्त भूमि का चयन कर जिलाधिकारी को स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। अनुमोदन मिलने के बाद शासन से निर्माण बजट की मांग की जाएगी।





विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार जिस ग्राम पंचायत में आधा हेक्टेयर से अधिक बंजर या उपलब्ध सरकारी भूमि होगी, वहीं वृहद गोशाला का निर्माण कराया जाएगा। तीनों तहसीलों में लेखपाल और पशु चिकित्सकों के संयुक्त सत्यापन के बाद जमीन उपयुक्त पाई गई है।


एक अप्रैल से छोटे गोशाला होंगे बंद


जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल से 100 से कम गोवंश वाले गोशालाओं को बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे सभी गोवंश को नई बनने वाली वृहद गोशाला में स्थानांतरित किया जाएगा। फिलहाल जिले में कम क्षमता वाले आठ गोशालाओं की पहचान कर ली गई है, जिनके पशुओं को अन्य स्थानों पर शिफ्ट करने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी किया जा चुका है।


वृहद गोशाला से घटेगा खर्च


कम संख्या वाले गोशालाओं में रखरखाव पर अधिक खर्च आने के कारण विभाग अब बड़े स्तर की गोशाला संचालित करने की तैयारी कर रहा है, जिससे देखभाल, चारा और अन्य व्यवस्थाओं पर होने वाला खर्च कम किया जा सकेगा।


इन पंचायतों में जमीन का चयन


उतरौला तहसील के विकास खंड गैडास बुजुर्ग क्षेत्र में ग्राम पंचायत बिलारिया में 1.039 हेक्टेयर तथा गैडास बुजुर्ग में 0.571 हेक्टेयर भूमि चयनित की गई है।

सदर तहसील के हरैयासतघरवा विकास खंड में पंचायत इमलिया में 1.20 हेक्टेयर और इटवा में 1.036 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है।

तुलसीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम चौरासी में 1.039 हेक्टेयर, कल्याणपुर में 1.153 हेक्टेयर और पुरुषोत्तमपुर में 1.437 हेक्टेयर भूमि को गोशाला निर्माण के लिए चिन्हित किया गया है।


मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में चिन्हित पंचायतों की भूमि से संबंधित फाइल जिलाधिकारी को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही शासन से बजट की मांग कर वृहद गोशाला निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.