बलरामपुर जिलें के उतरौला में सड़क मरम्मत में नेपाली सीमेंट के इस्तेमाल का आरोप, जांच के निर्देश

उतरौला क्षेत्र में हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद मुख्य सड़क की मरम्मत में नेपाल निर्मित सीमेंट के उपयोग का मामला सामने आया है। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं और भविष्य में सड़क धंसने की आशंका जताई है। शिकायतों के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।







जानकारी के अनुसार गांधीनगर पुलिस चौकी से अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर बीते शुक्रवार को पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। इसके बाद शनिवार देर रात तक जल कनेक्शन देने का कार्य पूरा कर सड़क की पटाई और मरम्मत कर दी गई।


स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मरम्मत कार्य में Arghakhanchi Cement ब्रांड की सीमेंट का इस्तेमाल किया गया, जो नेपाल में निर्मित बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी कार्य में विदेशी सीमेंट का प्रयोग नियमों के खिलाफ है।


इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि सड़क की भराई के बाद मिट्टी को बैठने और ठीक से दबाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे कुछ ही समय में सड़क धंसने या गड्ढे बनने का खतरा बढ़ सकता है।


स्थानीय निवासी रवि कुमार, जुनेद, विनोद कुमार और बब्बू मलिक सहित अन्य लोगों ने कार्य को मानकों के विपरीत बताते हुए शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यदि गुणवत्ता के अनुसार मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।


मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी अभय सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.