बलरामपुर नगर में होली के उल्लास को जीवंत करने वाला पारंपरिक होली ठिठोली महोत्सव इस वर्ष भी पूरे रंग, रस और व्यंग्य के साथ आयोजित किया गया। होली महोत्सव समिति द्वारा रविवार रात नगर के रामलीला मैदान में 38वें होली ठिठोली कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
मूर्खाधिराज और मूर्खाधिपति की परंपरागत ताजपोशी बनी आकर्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक ‘मूर्खाधिराज’ और ‘मूर्खाधिपति’ की ताजपोशी रही। इस अनोखी रस्म के तहत कृष्णा शुक्ला को मूर्खाधिराज और अभय सोनी को मूर्खाधिपति की उपाधि प्रदान की गई। दोनों को सब्जियों और फलों की विशेष माला पहनाकर सम्मानित किया गया और व्यंग्यात्मक पट्टिका भेंट की गई। इस दौरान पूरा पंडाल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली हस्तियों का सम्मान
महोत्सव के दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि गेल्हापुर महंत बृजानंद महाराज सहित बाबू राजेंद्र सिंह, राम नरेश त्रिपाठी, हरिवंश सिंह, कमलेश सिंह, रमेश पाहवा, बाबा राम बक्श बाल्मीकि, डीपी सिंह, शिवम पाण्डेय, सभासद संजय मिश्रा, कुंवर आनंद पांडे, संजीत, अखिलेश्वर तिवारी और राम कुमार मिश्रा को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कवि सम्मेलन में हास्य-व्यंग्य से सराबोर हुई महफिल
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कवि सम्मेलन में स्थानीय कवियों ने हास्य-व्यंग्य और श्रृंगार रस से भरपूर रचनाएं प्रस्तुत कीं। कविताओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और पूरा वातावरण होली के रंग में रंग गया। यह साहित्यिक आयोजन देर रात तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रोता पूरे उत्साह के साथ मौजूद रहे।
नगरवासियों की रही बड़ी भागीदारी
इस अवसर पर समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, महामंत्री राधेश्याम मिश्र, कृष्ण गोपाल गुप्ता, संजय शर्मा, डॉ. तुलसीश दुबे, सुनील सिंह कसेरा, अजय मिश्रा, राम प्यारे कश्यप, राजेंद्र गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
